धर्मावाला से प्रतीतपुर जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

रिपोर्ट आशीष सैनी

विकासनगर,(नील धारा) धर्मावाला से प्रतीतपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की दुर्दशा को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 12 वर्ष पूर्व बनाई गई इस सड़क की तब से कोई मरम्मत नहीं हुई है। वर्तमान में सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज गांव के गणमान्य एवं प्रभावशाली नागरिकों ने ग्राम प्रधान पति के आवास पर एकत्रित होकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और तत्काल सड़क निर्माण की कार्रवाई की मांग की।बैठक में ग्राम प्रधान पति ऋषिपाल सैनी ने ग्रामीणों को अवगत कराया कि उनके द्वारा इस संबंध में कई बार क्षेत्रीय विधायक श्री मुन्ना सिंह चौहान जी, लोक निर्माण विभाग तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, परंतु आज तक किसी भी स्तर पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस उपेक्षा से निराश और आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रतीतपुर गांव के 95% मतदाता भाजपा के निष्ठावान समर्थक हैं। यदि भाजपा के शासनकाल में ही गांव की इस मूलभूत समस्या की अनदेखी होती रही, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि चुनाव से पूर्व धर्मावाला- प्रतीतपुर सड़क का पुनर्निर्माण नहीं किया गया, तो वे भाजपा के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित में उक्त सड़क का तत्काल सर्वे कराकर पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: ग्राम प्रधान नीरज देवी, पूर्व ग्राम प्रधान ऋषिपाल सैनी,रमेश सैनी, नरेंद्र कुमार, राजकुमार,राकेश कुमार,रंजू पाल,रघुनाथ सैनी,परविंदर सैनी,श्याम सिंह सैनी, बिरम पाल सैनी,रामेश्वर आदि समस्त ग्रामवासी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!