कांवड़ यात्रियों की सेवा में आगे आई भाकियू टिकैत, शिवभक्तों को वितरित किए फल……

नील धारा ब्यूरो

नारसन (नील धारा) कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को नारसन के पास नारसन खुर्द क्षेत्र में शिवभक्त कांवड़ यात्रियों के लिए फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हरिद्वार से अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों को रोककर फल वितरित किए गए तथा उनकी कांवड़ यात्रा की सफलता और मंगलमय भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान भाकियू टिकैत के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और भक्ति का पर्व है। देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों शिवभक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रियों की सेवा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान थके हुए शिवभक्तों को फल, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सेवा के साथ-साथ पुण्य का कार्य भी है।उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन टिकैत केवल किसानों के हितों की आवाज उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा और सेवा को देखते हुए फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। संगठन का प्रयास है कि यात्रा के दौरान शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भाकियू टिकैत की ओर से इसी प्रकार के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।फल वितरण के दौरान कांवड़ यात्रियों में भी उत्साह देखने को मिला। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों को फल वितरित कर उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।इस अवसर पर हर्ष शर्मा, पीके सिंह, लोकेश, शुभम चौधरी, अशोक कुमार, संजय असफनगर सहित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शिवभक्त कांवड़ यात्रियों की सेवा की और फल वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!