बड़ी खबर……किरन सिंह की भूख हड़ताल समाप्त, मुख्यमंत्री के समक्ष उठेगा सुभाष नगर की समस्याओं का मुद्दा…..

रिपोर्ट बिक्रमजीत सिंह

हरिद्वार (नील धारा) शिवालिक नगर पालिका परिषद क्षेत्र के सुभाष नगर में हाईटेंशन विद्युत लाइन, जर्जर सीवर लाइन और पेयजल समस्या के समाधान की मांग को लेकर समाजसेवी किरन सिंह द्वारा की जा रही भूख हड़ताल समाप्त हो गई। शिवालिक नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजीव शर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे और किरन सिंह को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस दौरान उन्होंने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

राजीव शर्मा और आशुतोष शर्मा ने कहा कि सुभाष नगर की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके समाधान के प्रयास तेज किए जाएंगे। उन्होंने किरन सिंह की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने तथा पूरे मामले को उनके संज्ञान में लाने का भी आश्वासन दिया, ताकि समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके।गौरतलब है कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही हाईटेंशन लाइन, जर्जर सीवर व्यवस्था और पेयजल संकट को लेकर किरन सिंह ने 5 अक्टूबर को भूख हड़ताल शुरू की थी। आंदोलन को स्थानीय लोगों का समर्थन भी मिला। क्षेत्रवासियों की मांग है कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

विधायक आदेश चौहान से भी मिला था प्रतिनिधिमंडल

वहीं, किरन सिंह की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल रानीपुर विधायक आदेश चौहान से मुलाकात करने पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, विधायक ने बताया कि संबंधित समस्याओं पर पहले से काम चल रहा है और कार्य शुरू भी हो चुका है। उन्होंने कार्यों को कुंभ से पहले पूरा कराने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, विधायक ने धरना स्थल पर पहुंचकर भूख हड़ताल समाप्त कराने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें धरने की सूचना मिली थी, भूख हड़ताल की नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि समस्या होने पर उनसे पहले संपर्क किया जा सकता था, ताकि समाधान के प्रयास किए जा सकें। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल वापस लौट आया।फिलहाल, राजीव शर्मा और आशुतोष शर्मा के आश्वासन के बाद किरन सिंह ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि हाईटेंशन लाइन, सीवर और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का जल्द स्थायी समाधान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!