सम्पादक बिक्रमजीत सिंह
हरिद्वार। (नील धारा) रोटरी क्लब कनखल द्वारा पाठशाला, मिस्सरपुर में बच्चों के शैक्षणिक एवं डिजिटल ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रयोग हेतु कंप्यूटर प्रदान किया गया। क्लब के इस प्रयास का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है।इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को जीवन में माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनके मार्गदर्शन को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया गया।वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए आगे बढ़ने वाले बच्चे जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं।

रोटरी क्लब कनखल के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने बताया कि संस्था समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। बच्चों को कंप्यूटर उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक बनाना है।कार्यक्रम में रोटरी क्लब कनखल के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा,सचिव मनोज सुबुद्धि,ममता अरोड़ा,गीता,नरेश और रानी गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, संस्कार और प्रकृति के प्रति प्रेम की भावना विकसित करने पर जोर दिया।रोटरी क्लब कनखल द्वारा किया गया यह प्रयास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य तथा उनके डिजिटल और शैक्षणिक विकास की दिशा में एक सार्थक कदम माना जा रहा है।





