एक शाम हिंदुस्तान के नाम’ में रवीन्द्र कुमार सैनी ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ से सम्मानित

रिपोर्ट आशीष सैनी

देहरादून (नील धारा )सामाजिक संगठन ‘अपना परिवार’ द्वारा राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम एवं सामाजिक एकता को समर्पित ‘एक शाम हिंदुस्तान के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम देहरादून के टाउन हॉल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण रहे। कार्यक्रम में एसजीआरआर इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान, देहरादून के निदेशक रवीन्द्र कुमार सैनी को शिक्षा, समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उनके सहयोगी श्री रघुनाथ सिंह को भी सामाजिक कार्यों में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति नागरिकों के चरित्र, संस्कार, अनुशासन, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण में निहित है। उन्होंने युवा पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। सम्मान प्राप्त करने पर रवीन्द्र कुमार सैनी ने ‘अपना परिवार’ के अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम भट्ट एवं संस्था के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि चरित्रवान, संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना भी है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय चेतना के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!