साहित्य विभाग संस्कार भारती उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों ने किया कविता पाठ और सीखी साहित्य की एबीसीडी।सातवीं साहित्यशाला (कविता पाठ)

रिपोर्ट आशीष सैनी

रुड़की। (नील धारा) स्वामी विवेकानंद विद्या भारती इंटर कॉलेज, रुड़की में विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि एवं अभिरुचि विकसित करने तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘साहित्यशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए कविता पाठ के माध्यम से अपनी साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साहित्यशाला में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, प्रकृति, शिक्षा, परिवार, सामाजिक संवेदना तथा जीवन-मूल्यों जैसे विभिन्न विषयों पर कविताओं का प्रभावशाली वाचन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। कविता पाठ के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, संवेदनशीलता तथा अभिव्यक्ति की क्षमता का परिचय दिया। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. राज कुमार उपाध्याय ने कहा कि ‘साहित्यशाला’ विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। कविता और साहित्य विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, संस्कार तथा सामाजिक चेतना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेन्द्र सैनी तथा विशिष्ट अतिथि समाज सेविका सुगंध जैन रहे। इसके अलावा अशोक शर्मा, अमित सिंघल एवं थिएटर गुरु नरेंद्र आहूजा की उपस्थिति विशेष रही। वरिष्ठ साहित्यकारों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम में कुल 29 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। कविता पाठ प्रतियोगिता में सोनिया (कक्षा 11) ने प्रथम, ओजस्वी (कक्षा 12) ने द्वितीय, नन्दनी (कक्षा 10) ने तृतीय, अहमद रशाद (कक्षा 10) ने चतुर्थ तथा पलक (कक्षा 10) ने पंचम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें साहित्य, कविता एवं पठन-पाठन से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. राज कुमार उपाध्याय ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में गीता सैनी, दिव्यांशी कटियार, सुनीता अरोरा, आलोक कुमार, मीनाक्षी सैनी, आकाश त्यागी, बिमलेश शर्मा, रीना उपाध्याय, पूजा गोंडयाल, निशा पुंडीर, नेहा सोनकर, सीमा उपाध्याय, अनीता शर्मा, हिमानी त्यागी, सोनिया शर्मा, तनु धीमान, राखी चौहान, अलका सैनी, राधा रानी एवं सोनिया नरूला आदि का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!