बड़ी खबर….पेंटागन मॉल प्रकरण: कथित फर्जी मुकदमों को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया सिडकुल थाने का घेराव……

रिपोर्ट बिक्रमजीत सिंह

हरिद्वार (नील धारा) सिडकुल क्षेत्र स्थित पेंटागन मॉल के स्पा सेंटर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्पा सेंटर पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व में की गई छापेमारी और उसके बाद कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सिडकुल थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित स्पा सेंटर को बंद कराने की मांग की। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने कार्यकर्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद माहौल शांत हुआ।

स्पा सेंटर में कथित अनैतिक गतिविधियों का आरोप

बजरंग दल के पदाधिकारियों के अनुसार, स्पा सेंटर में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर संगठन के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान स्पा सेंटर में मौजूद कर्मचारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उन पर सामान फेंका। संगठन का कहना है कि घटनाक्रम से संबंधित वीडियो भी उपलब्ध हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पुलिस की कार्रवाई और वीडियो को लेकर उठाए सवाल

बजरंग दल ने आरोप लगाया कि घटनाक्रम से संबंधित वीडियो के चुनिंदा हिस्से मीडिया को उपलब्ध कराए गए, जबकि कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट से जुड़े वीडियो को सामने नहीं लाया गया। संगठन ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही, स्पा सेंटर से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बार-बार छापेमारी के बावजूद दोबारा गतिविधियां शुरू होने का दावा….

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि सिडकुल क्षेत्र में स्पा सेंटरों पर पूर्व में भी कई बार पुलिस छापेमारी हो चुकी है, लेकिन उनके अनुसार कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण कथित गतिविधियां दोबारा शुरू हो जाती हैं। संगठन ने इस बार संबंधित स्पा सेंटर को बंद कराने की मांग की है, ताकि मामले का स्थायी समाधान हो सके।

थाना प्रभारी की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच की मांग…..

बजरंग दल की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार को शिकायत देकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई है। शिकायत में थाना प्रभारी सिडकुल की भूमिका, पुलिस की कार्रवाई और मीडिया को भेजे गए वीडियो की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने की मांग उठाई गई है।इसके अलावा संगठन ने कोतवाली का प्रभार सौंपने से संबंधित नियमों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में थाना प्रभारी की घोषित आय एवं संपत्ति की नियमानुसार जांच कराने का अनुरोध भी किया गया है। फेसबुक अकाउंट बंद होने के मामले की जांच की मांग बजरंग दल ने आरोप लगाया कि कुछ कार्यकर्ताओं के फेसबुक अकाउंट बंद या डिलीट हो गए हैं। संगठन ने इन खातों को बंद किए जाने के कारणों की जांच कराने और यदि गलत कार्रवाई के कारण खाते बंद हुए हैं, तो उन्हें बहाल कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

कार्रवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी…..

बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन न्याय प्राप्त करने के लिए माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेने सहित अन्य वैधानिक विकल्प अपनाएगा। संगठन ने मांग की है कि उपलब्ध वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, संबंधित पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।फिलहाल, एसपी सिटी के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हो गया है। अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी। स्पा सेंटर में कथित अनैतिक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और मुकदमे को फर्जी बताए जाने संबंधी आरोप बजरंग दल की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि तथा पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!