हरिद्वार से बड़ी खबर…शिव शक्ति सेवा समिति द्वारा 18वें विशाल भंडारे का आयोजन, कांवड़ियों को मिल रही निःशुल्क चिकित्सा सेवा

नील धारा ब्यूरो

हरिद्वार (नील धारा) कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर शिव शक्ति सेवा समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी 18वें विशाल शिव भक्त सेवा भंडारे का आयोजन श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ किया जा रहा है। यह भंडारा रसियाबढ़, चंडीघाट पुल से लगभग 17 किलोमीटर आगे नजीबाबाद रोड पर संचालित है। इस मार्ग पर यह एकमात्र भंडारा है, जहाँ शिव भक्तों के लिए 24 घंटे निःशुल्क भोजन एवं निःशुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

भंडारा लगातार पाँच दिनों तक, 24 घंटे संचालित रहेगा। इस दौरान लगभग 25 हजार से अधिक कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल तथा चिकित्सा सेवा की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक दिन-रात सेवा कार्य में जुटे हुए हैं, ताकि प्रत्येक शिव भक्त को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।समिति के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि शिव शक्ति सेवा समिति पिछले 18 वर्षों से निरंतर निस्वार्थ भाव से कांवड़ यात्रियों की सेवा कर रही है।

भगवान शिव की कृपा से यह सेवा अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।समिति के कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि समिति का उद्देश्य प्रत्येक शिव भक्त को सम्मानपूर्वक सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि भंडारे में भोजन, पेयजल एवं निःशुल्क चिकित्सा सेवा की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।इस अवसर पर संरक्षक राजीव जैन, महासचिव राजेश पब्बन, कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल, प्रवीण शर्मा, मुकेश शर्मा, अशोक शर्मा, ममता सेंगर, विनोद शर्मा एवं निखिल गोयल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!