नील धारा ब्यूरो
हरिद्वार (नील धारा) सुभाष नगर स्थित नगर पानी की टंकी की जर्जर पाइपलाइन बदलवाने की मांग को लेकर समाजसेवी सुरेंद्र ठाकुर द्वारा शुरू किया गया धरना बुधवार को अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।बताया जाता है कि सुरेंद्र ठाकुर लंबे समय से क्षेत्र में गंदे पेयजल और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार आवाज उठाते रहे, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने के बाद उन्होंने धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया।धरना लगातार दो दिनों तक चलने के बाद संबंधित विभाग के जेई स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों से सुरेंद्र ठाकुर की फोन पर वार्ता कराई।


अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन के भीतर पाइपलाइन बदलने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा और क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलेगी। इसके बाद सुरेंद्र ठाकुर ने अपना धरना समाप्त कर दिया।वार्ता के दौरान सुरेंद्र ठाकुर ने अधिकारियों को बताया कि गंदे पानी की आपूर्ति के कारण क्षेत्र में कई लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के सामने पीने के साफ पानी का संकट खड़ा हो गया है और हर परिवार कैंपर का पानी खरीदने में सक्षम नहीं है। इसलिए विभाग को प्राथमिकता के आधार पर पाइपलाइन बदलकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना चाहिए।धरना समाप्त होने के बाद सुरेंद्र ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की जनसमस्या हो तो सभी एकजुट होकर उन्हें अवगत कराएं, ताकि संबंधित विभागों से उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके।इस दौरान विशाल ठाकुर, एच.के. शर्मा, योगेश सैनी, जीतू चौधरी, हेमराज सैनी, मदन सिंह सैनी, मोहन सिंह राणा, अनादि कुमार, कृष्ण वर्मा तथा अधिवक्ता पंकज जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





