सम्पादक बिक्रमजीत सिंह
हरिद्वार। (नील धारा) गौवंश में फैलने वाली लम्पी स्किन डिजीज (LSD) को लेकर पशुपालकों की चिंता के बीच वीर भगत सिंह गौ सेवा धाम, हरिद्वार ने गौवंश के बचाव के लिए विशेष दवा तैयार करने का दावा किया है। गौ सेवा धाम के संस्थापक पवन भगवा के नेतृत्व में तैयार की गई इस दवा को पशुपालकों के लिए निशुल्क उपलब्ध कराने की पहल की गई है।गौ सेवा धाम की ओर से बताया गया कि लम्पी वायरस के संक्रमण से गौवंश को बचाने के उद्देश्य से इस दवा को तैयार किया गया है। संस्था का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले भी इसी दवा का उपयोग किया गया था, जिसके बाद गौवंश को लाभ मिलने का दावा किया गया। इसी अनुभव को देखते हुए इस वर्ष भी लम्पी वायरस के संभावित प्रकोप को ध्यान में रखते हुए दवा तैयार की गई है।

संस्थापक पवन भगवा ने बताया कि गौवंश की सुरक्षा को लेकर गौ सेवा धाम लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखें और किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करें।उन्होंने कहा कि लम्पी जैसी बीमारी को लेकर पशुपालकों में जागरूकता बेहद जरूरी है। समय पर सावधानी, साफ-सफाई और पशु चिकित्सकीय सलाह के माध्यम से पशुओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल की जा सकती है।गौ सेवा धाम की ओर से बताया गया कि जरूरतमंद पशुपालक भगत सिंह चौक स्थित वीर भगत सिंह गौ सेवा धाम से दवा निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक पशुपालकों तक पहुंचकर गौवंश की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।गौ सेवा धाम प्रबंधन ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गौवंश को खुले में अस्वच्छ वातावरण में न रखें, पशुओं के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सक की सलाह लें।





