रिपोर्ट आशीष सैनी
देहरादून हरिपुर कलां, (नील धारा) ग्राम सभा हरिपुर कलां में बुधवार को ग्राम प्रधान सविता शर्मा की ओर से खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्राम पंचायत की जनता के साथ ग्राम पंचायत के सभी सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया था।बैठक के दौरान उप प्रधान मनोज शर्मा एवं ग्राम पंचायत सदस्यों ने ग्राम प्रधान से पीठ बाजार, जो वर्तमान में फ्लाईओवर के नीचे संचालित हो रही है, से संबंधित आय-व्यय का हिसाब मांगा। इसके साथ ही एयरटेल कंपनी द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र की सड़कों में पाइपलाइन डालने के लिए की गई खुदाई से हुए नुकसान की भरपाई के तौर पर पंचायत को प्राप्त धनराशि का भी विवरण मांगा गया।ग्राम पंचायत सदस्यों के अनुसार, एयरटेल कंपनी की ओर से सड़क खुदाई से हुए नुकसान की भरपाई के लिए ग्राम प्रधान को करीब 38 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी। सदस्यों का कहना था कि इस राशि से पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई ग्राम पंचायत की सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त कराया जाना था।बैठक में जब ग्राम प्रधान से उक्त धनराशि के उपयोग और पंचायत के एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करने की मांग की गई, तो कथित तौर पर प्रधान पति एवं उनके सहयोगियों की ओर से हंगामा शुरू हो गया। इससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।स्थिति बिगड़ती देख खुली बैठक को तत्काल स्थगित/भंग कर दिया गया। बैठक में मौजूद लोगों ने पंचायत के विकास कार्यों और प्राप्त धनराशि के उपयोग को लेकर पारदर्शिता से पूरा हिसाब सार्वजनिक किए जाने की मांग उठाई।वहीं, पूरे मामले में ग्राम प्रधान पक्ष का कहना है कि बैठक में उत्पन्न विवाद के संबंध में उनका पक्ष भी लिया जाना आवश्यक है। मामले की वास्तविक स्थिति संबंधित दस्तावेजों एवं दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।





