रूडकी से बड़ी खबर…..IIT रुड़की में दीक्षांत समारोह-2026 का भव्य आगाज, 2,701 विद्यार्थियों को मिल रहीं उपाधियां…..

रिपोर्ट आशीष सैनी

रुड़की। ( नील धारा) देश की अग्रणी तकनीकी संस्थाओं में शामिल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की में दो दिवसीय वार्षिक दीक्षांत समारोह 2026 का भव्य शुभारंभ उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ हुआ। इस वर्ष संस्थान के कुल 2,701 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उपाधियां प्रदान की जा रही हैं। दीक्षांत समारोह के प्रथम दिन संस्थान परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर वर्षों की मेहनत और सफलता की खुशी साफ दिखाई दी। समारोह के प्रथम दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत कुमार डोभाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने IIT रुड़की के गौरवशाली इतिहास और देश तथा विश्व स्तर पर संस्थान के योगदान की सराहना की। अजीत कुमार डोभाल ने कहा कि IIT रुड़की के स्नातकों ने न केवल भारत बल्कि विश्व पटल पर अपनी उत्कृष्ट क्षमताओं और सेवाओं का लोहा मनवाया है।

उन्होंने संस्थान के पूर्व छात्रों द्वारा वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन किए जाने का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग देश के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक कल्याण में करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।दीक्षांत समारोह के प्रथम दिन मुख्य रूप से स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। डिग्री हाथ में आते ही छात्र-छात्राओं ने खुशी से झूमकर अपने परिजनों और सहपाठियों के साथ इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया।इस अवसर पर IIT रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने समारोह का शुभारंभ करते हुए संस्थान की हालिया उपलब्धियों, शोध कार्यों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि IIT रुड़की लगातार नए नवाचारों और अनुसंधान के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रो. पंत ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी 2,701 विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल, समृद्ध और सफल भविष्य की कामना की। दो दिवसीय दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर एवं पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक राम चंद्र शेट सहित IIT रुड़की प्रबंधन के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!