रिपोर्ट आशीष सैनी
विकास नगर, हरबर्टपुर।( नील धारा) राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, हरबर्टपुर में एक प्रेरणादायी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के 139वें विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अभिनव भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को “राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम”, स्वदेशी अपनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का प्रेरक संदेश दिया। डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि राष्ट्र का भविष्य उसके युवाओं के चरित्र, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति पर निर्भर करता है। युवाओं में देशप्रेम, आत्मनिर्भरता, सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना का विकास ही सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अच्छे संस्कारों, अनुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण अभियान के विभाग संयोजक रघुनाथ सिंह ने विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तुओं के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, स्थानीय उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से जुड़ी राष्ट्रीय भावना है।वहीं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के निदेशक डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी ने प्रेरक भजन के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। “नशा न करना, मान लो कहना, मेरे भाई-बहना, नहीं तो होगी बड़ी खराबी” जैसे संदेश के माध्यम से उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा स्वस्थ, संस्कारित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सुभारती अस्पताल के ओएसडी बलवंत बोहरा एवं जगदीश गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनींद्र बड़थ्वाल के कुशल नेतृत्व की भी सराहना की गई। विद्यालय के चहुँमुखी विकास एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण हित की दिशा में उनके प्रयासों को उल्लेखनीय बताया गया। उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान उनकी विनम्रता, सहजता और आत्मीय व्यवहार को माना गया। कार्यक्रम में उनके सरल एवं सौम्य व्यक्तित्व की भी प्रशंसा की गई। कार्यक्रम का मूल संदेश स्पष्ट रहा कि चरित्रवान युवा ही सशक्त राष्ट्र की पहचान हैं। राष्ट्रहित, स्वदेशी, अनुशासन और नशामुक्त जीवन के संकल्प के साथ विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश ग्रहण किया।





