रिपोर्ट आशीष सैनी
भगवानपुर (नील धारा) जिला कार्यकारिणी सदस्य ओबीसी मोर्चा एवं इमलीखेड़ा मंडल प्रभारी ओबीसी मोर्चा डॉ.रजनीश सैनी ने डीएम हरिद्वार से निरीक्षण कर तुरंत समस्या का समाधान करने की मांग की l भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डाडा जलालपुर में आज हुई भारी वर्षा के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिसके चलते मुख्य मार्ग सहित कई मोहल्लों में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण आमजन के आवागमन में कठिनाई उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों में आने-जाने वाले बच्चों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर पानी भरने की समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी प्रकार भारी जलभराव हुआ था, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने इसे विकास कार्यों की पोल खोलने वाली स्थिति बताते हुए संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से तत्काल प्रभाव से जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
वरिष्ठ समाजसेवी,भाजपा कार्यकर्ता एवं देवभूमि जागृति फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रजनीश सैनी ने डीएम से मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक राहत एवं सुधारात्मक कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है।





