सम्पादक बिक्रमजीत सिंह
हरिद्वार। (नील धारा) मुख्यमंत्री खेल महाकुम्भ-2026 के अंतर्गत संसदीय क्षेत्र स्तर पर लोकसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में किया जाएगा।जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी के अनुसार प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 सितंबर को सुबह 11 बजे लोकसभा सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत करेंगे। प्रतियोगिता में विधानसभा स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के बीच एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गा-झपट, पिट्टू और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी।


इसके अलावा संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखम्ब, रस्साकशी, गोली (कंचा), बैडमिंटन और फुटबॉल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। 25 सितंबर को हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं होंगी। 26 सितंबर को ज्वालापुर, हरिद्वार शहरी, रानीपुर, हरिद्वार ग्रामीण, कलियर, धर्मपुर, डोईवाला और ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 27 सितंबर को शेष निर्धारित प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।प्रतियोगिताएं अंडर-14 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में होंगी, जबकि मलखम्ब प्रतियोगिता भी अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में आयोजित की जाएगी। सभी चयनित प्रतिभागियों को प्रतियोगिता स्थल पर सुबह 8:30 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।





