रिपोर्ट आशीष सैनी
रुड़की ( नीलधारा) आज ग्राम खंजरपुर में आंगनबाड़ी केंद्र पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण महिलाओं के बीच समन्वय बढ़ाना और शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई।

उपस्थित महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ एवं पात्रता के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। साथ ही, गांव में संचालित स्वयं सहायता समूहों द्वारा महिलाओं के जीवन में किए जा रहे सकारात्मक बदलावों और आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके योगदान पर चर्चा की गई। आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की तथा जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध सेवाओं से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।





