सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

रिपोर्ट आशीष सैनी

हरिद्वार। (नील धारा) सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शीला देवी इंटर कॉलेज, डाडा पट्टी, हरिद्वार में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा रुड़की के जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं देवभूमि जागृति फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सैनी तथा जिला पंचायत सदस्य सिकरौढ़ा प्रतिनिधि अमित सैनी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में डॉ. रजनीश सैनी ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस जोश, ऊर्जा और राष्ट्र समर्पण के साथ निबंध में शब्दों तथा चित्रकला में विभिन्न प्रेरणादायी चित्रों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया है, वह वास्तव में भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। विद्यार्थियों की रचनात्मकता, विचारशीलता और राष्ट्र के प्रति समर्पण समाज एवं देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनके विचार साझा किए और प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, सुंदर एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रतिनिधि अनिल सैनी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!