रिपोर्ट बिक्रमजीत सिंह
हरिद्वार। (नील धारा) शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र के सुभाष नगर में लंबे समय से चली आ रही हाईटेंशन लाइन, जर्जर सीवर लाइन और पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर समाजसेवी किरन सिंह ने सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। भूख हड़ताल गली नंबर बी-11,पानी की टंकी के पास शुरू की गई।किरन सिंह ने कहा कि क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है तथा ज्ञापन भी सौंपे गए हैं, लेकिन अभी तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी के विरोध में उन्होंने जनहित को लेकर भूख हड़ताल शुरू की है।क्षेत्रवासियों के अनुसार कॉलोनी के बीच से गुजर रही करीब 33 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन लगातार खतरा बनी हुई है। लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के कारण पूर्व में भी हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।वहीं, क्षेत्र की जर्जर सीवर लाइन भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

कई स्थानों पर सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी और गंदगी फैलने की शिकायत है। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे करीब 2,000 से 3,000 परिवार प्रभावित हो रहे हैं।इसके अलावा क्षेत्र में करीब 25 वर्ष पुरानी पेयजल पाइपलाइन को बदलने की मांग भी उठाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर पाइपलाइन के कारण कई बार घरों में दूषित पानी पहुंचने की समस्या सामने आती है।भूख हड़ताल की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौके पर पहुंचे और किरन सिंह के आंदोलन को समर्थन दिया। सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर प्रशासन से हाईटेंशन लाइन,सीवर और पेयजल की समस्याओं का जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की।किरन सिंह ने कहा कि जब तक क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।भूख हड़ताल को समर्थन देने वालों में अराधना पांडे, दीप्ति, रूबी सिंह, रीना यादव, रचना, पिंकी, राखी, सीमा चौधरी, शांति विश्वास, राखी सजवान, रोहित चौहान, पियूष ठाकुर, अनिल राणा, महावीर चौधरी, हरवीर बालियान, जयवीर सिंह, रणवीर सिंह, प्रवीण सैनी एवं वरुण बालियान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।





