रिपोर्ट आशीष सैनी
रुड़की(नील धारा) ग्राम इब्राहिमपुर देह स्थित खसरा संख्या 360, प्राथमिक पाठशाला इब्राहिमपुर की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए हटवा दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से विद्यालय की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया है। तहसीलदार रुड़की के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं नगर पंचायत रामपुर की उपस्थिति में संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्राथमिक पाठशाला की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि को अब शिक्षा विभाग की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है, जिससे विद्यालय की भूमि का उपयोग निर्धारित शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए सुनिश्चित किया जा सके।प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सरकारी भूमि की सुरक्षा तथा सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे अथवा अतिक्रमण की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से विद्यालय की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ क्षेत्र में सरकारी संपत्तियों को सुरक्षित रखने का सकारात्मक संदेश गया है।





