सम्पादक बिक्रमजीत सिंह
हरिद्वार। (नील धारा) जगजीतपुर स्थित होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर अस्पताल में अत्याधुनिक PET-CT स्कैन मशीन का शुभारंभ चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने किया। सुविधा शुरू होने से हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को जांच के लिए महानगरों की दौड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी मरीज के साथ पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक संकट में डाल देती है। ऐसे में अपने ही शहर में अत्याधुनिक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध होना मरीजों और उनके परिजनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने डॉ. एसके मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे मरीजों के समय और संसाधनों की बचत होगी।


अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना मानवता की बड़ी सेवा है। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया।अस्पताल के डॉ. एसके मिश्रा ने कहा कि PET-CT स्कैन मशीन शुरू होने से कैंसर मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इसे हरिद्वार को बेहतर कैंसर चिकित्सा सुविधाओं का केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद देव, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद महाराज, जगदीशलाल पाहवा, प्रमोद शर्मा, सीए आशुतोष पाण्डेय, डॉ. संजय शाह, डॉ. मनीष दत्त, उमेश शर्मा, डॉ. आरके सिद्धू, सुखप्रीत सिंह, हेमा भट्ट, विकास कुमार झा, महेश दुबे एवं उज्जवल पंडित सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।





