सम्पादक बिक्रमजीत सिंह
हरिद्वार (नील धारा) ज्वालापुर से सराय जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है, जिसने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, सड़क पर जमा बारिश का पानी और दोनों ओर उगी झाड़ियां राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। स्थानीय निवासियों ने सड़क की हालत को लेकर नाराजगी जताते हुए विकास कार्यों पर उंगली उठाई और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और विकास कार्यों पर खर्च होने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बारिश होते ही सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है और पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई है।





