रिपोर्ट आशीष सैनी
देहरादून।(नील धारा) गुरुकुल एकेडमी, बुलाकी वाला में आज राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के सिद्धांत पर संबोधित किया गया। उल्लेखनीय है कि अभियान के अंतर्गत आज 138वें विद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण जी द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करना तथा उन्हें राष्ट्रहित के प्रति सजग, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान, देहरादून के निदेशक डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी, सहयोगी डॉ. नरेंद्र तोमर एवं श्री रघुनाथ सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य संस्कारवान, चरित्रवान एवं कर्तव्यनिष्ठ युवा पीढ़ी के निर्माण पर निर्भर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, सेवा, संस्कार एवं जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गुरुकुल एकेडमी बुलाकी वाला के संस्थापक श्री सुमन प्रसाद रतूड़ी जी द्वारा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के तीनों पदाधिकारियों डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी, डॉ. नरेंद्र तोमर एवं श्री रघुनाथ सिंह को सम्मानित किया गया। उन्होंने अभियान के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्थन व्यक्त करते हुए इसके उद्देश्यों की सराहना की और कहा कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण तथा उनमें राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुमन प्रसाद रतूड़ी ने भी राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार एवं ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ की भावना का प्रभावशाली वातावरण देखने को मिला।





