सम्पादक बिक्रमजीत सिंह
रुद्रपुर। (नील धारा) राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि धर्म रक्षक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सुरक्षित और विकसित उत्तराखंड निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, मूल स्वरूप और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सुनील सैनी ने रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा देवभूमि उत्तराखंड का माहौल खराब करने तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कथित रूप से धमकी दिए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांति और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ किसी भी प्रकार की साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और ऐसे प्रयासों के खिलाफ मजबूती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने अथवा भड़काऊ बयानबाजी के माध्यम से प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राज्य की संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे सभी प्रयासों का पूर्ण समर्थन किया जाता है। सुनील सैनी ने कहा कि प्रदेश में डेमोग्राफी बदलाव के मुद्दे पर अब चुप नहीं रहा जाएगा और चुप रहने का समय समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अब तक लगभग 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, देवभूमि के मूल स्वरूप और सामाजिक ताने-बाने को सुरक्षित रखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा कई कड़े और ऐतिहासिक कानून एवं नीतियां लागू की गई हैं। इनमें कड़ा भू-कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं। सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश की सुरक्षा, संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और उत्तराखंड को सुरक्षित, विकसित एवं सशक्त बनाने का अभियान निरंतर आगे बढ़ेगा।





