रिपोर्ट आशीष सैनी
भगवानपुर (नील धारा) भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डाडा जलालपुर में भारी वर्षा के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिसके चलते मुख्य मार्ग सहित कई मोहल्लों में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंचने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जलभराव के कारण आमजन का आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। विशेष रूप से क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों में आने-जाने वाले बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी भारी बारिश के दौरान इसी प्रकार की स्थिति बनी थी, लेकिन इसके बावजूद जल निकासी की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों ने इसे क्षेत्र में विकास कार्यों और जल निकासी व्यवस्था की स्थिति को उजागर करने वाली समस्या बताते हुए संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। लोगों ने मुख्य मार्ग और प्रभावित मोहल्लों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।इस संबंध में वरिष्ठ समाजसेवी, भाजपा कार्यकर्ता एवं देवभूमि जागृति फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सैनी ने एसडीएम भगवानपुर से मौके का निरीक्षण कर स्थिति का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जलभराव से प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक और जल निकासी कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए जाने चाहिए।डॉ. रजनीश सैनी ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं।





